स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। वन प्रभाग शाहजहाँपुर द्वारा वन महोत्सव के द्वितीय दिवस पर सिंधौली रेंज के अंतर्गत पुवायाँ-जेवाँ मार्ग पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सुशील कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद पुवायाँ के चेयरमैन संजय गुप्ता ने अपनी माताजी के सम्मान में पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि समस्त जीव-जंतुओं एवं मानव जीवन के आधार हैं। प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में माँ शारदे विद्या अकादमी के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आम, पाकड़, बरगद, जामुन और सिरस सहित विभिन्न देशी एवं छायादार प्रजातियों के पौधों का रोपण किया।
क्षेत्रीय वनाधिकारी वीरेश राव के नेतृत्व में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित लोगों को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के प्रति जागरूक किया। वहीं वन दरोगा डोरीलाल ने बताया कि प्रतिवर्ष 1 जुलाई से 7 जुलाई तक वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि हरित एवं स्वच्छ शाहजहाँपुर के निर्माण के लिए आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वन विभाग, माँ शारदे विद्या अकादमी तथा स्थानीय क्षेत्रवासियों का उल्लेखनीय सहयोग रहा। वन विभाग ने जनपदवासियों से अपील की कि वे वन महोत्सव सप्ताह के दौरान अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments