Breaking News

बाढ़ से बचाव की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, सभी कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। आगामी वर्षा एवं संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बाढ़ बचाव तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में सिंचाई विभाग के अभियंता ने बताया कि गर्रा नदी में आने वाले पानी की दियूनी बैराज (जनपद पीलीभीत) से लगातार निगरानी की जा रही है और वर्तमान में बैराज पूरी तरह खाली है।

जिलाधिकारी ने नगर निगम एवं सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि ककरा क्षेत्र के पास गर्रा नदी में मिलने वाले तीन नालों को तत्काल बंद कराने की कार्रवाई शुरू की जाए, ताकि बाढ़ की स्थिति में आबादी वाले क्षेत्रों में पानी प्रवेश न कर सके।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को नगरिया मोड़ जाने वाले मार्ग के कलवर्ट बंद कराने तथा शाहजहाँपुर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सभी कलवर्टों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि चांदापुर से चौहानापुर तक नहर की खुदाई का कार्य जारी है। जिलाधिकारी ने इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण एवं बचाव कार्य समय से पूरे किए जाएं, ताकि संभावित बाढ़ के दौरान जन-धन की हानि से बचा जा सके।

उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए और कहा कि बाढ़ से बचाव की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments