ब्यूरो रिपोर्ट: सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️
सीतापुर, 21 जुलाई। सकरन थाना क्षेत्र में खाद की कथित कालाबाजारी की फर्जी खबर प्रसारित करने के आरोप में एक यूट्यूब पत्रकार के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर कराई गई जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को यूट्यूब आवाज इंडिया से जुड़े पत्रकार सतीश सिंह परमार ने एक वीडियो प्रसारित कर साधन सहकारी समिति उमरा खुर्द काजीपुर के सचिव देशराज द्विवेदी पर लगभग 17 लाख रुपये की खाद की कालाबाजारी का आरोप लगाया था।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने उपजिलाधिकारी (लहरपुर) को जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान समिति का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें उपलब्ध खाद का स्टॉक अभिलेखों के अनुरूप पाया गया।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, आरोप लगाने वाले किसान विनोद ने उपजिलाधिकारी के समक्ष बयान दिया कि उससे कथित रूप से शराब पिलाकर कैमरे के सामने झूठा बयान दिलवाया गया था। इसके अलावा अन्य किसानों के भी बयान दर्ज किए गए।
इसके बाद समिति सचिव की तहरीर पर सकरन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में पत्रकार सतीश सिंह परमार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि एसडीएम की जांच रिपोर्ट के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है।
नोट: समाचार में उल्लिखित आरोप पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर एवं प्रशासनिक जांच रिपोर्ट पर आधारित हैं। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments