Breaking News

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने थाना सरोजनी नगर का किया आकस्मिक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

 

जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️ 

लखनऊ, 31 जुलाई। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक ने शुक्रवार को थाना सरोजनी नगर का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना परिसर, कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, मेस एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था, जनशिकायतों के निस्तारण और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय के अभिलेखों, रजिस्टरों एवं रिकॉर्ड का अवलोकन किया गया। अभिलेख सुव्यवस्थित एवं अद्यतन पाए गए। थाना परिसर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा आगंतुकों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई और परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस उपायुक्त ने मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सहायता एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने साइबर अपराधों से संबंधित अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए। साथ ही लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने एवं वांछित तथा वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।

कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस टीमों को नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग तथा यातायात नियमों का प्रभावी पालन कराने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त ऑपरेशन क्लीन अभियान के अंतर्गत माल निस्तारण की कार्रवाई को नियमानुसार एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के भी निर्देश दिए गए।

नोट: यह समाचार पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments