Breaking News

UPITS-2026 की तैयारियों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की समीक्षा, वैश्विक स्तर पर प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

लखनऊ, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, नवाचार, उत्पादों एवं निर्यात सामर्थ्य को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि UPITS-2026 केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मेक इन इंडिया' और 'मेक फॉर द वर्ल्ड' के विजन को आगे बढ़ाने वाला प्रभावी वैश्विक मंच है। उन्होंने निर्देश दिए कि 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले इस ट्रेड शो का देश-विदेश में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

इस वर्ष ट्रेड शो की थीम "UP for Global Growth: Innovation, Manufacturing and Exports" निर्धारित की गई है। आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.50 लाख से अधिक B2B खरीदारों, 4.50 लाख से अधिक B2C आगंतुकों तथा 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 4,000 से अधिक एमओयू, ₹3,200 करोड़ से अधिक के प्रस्तावित एमओयू तथा ₹13,500 करोड़ से अधिक की बिजनेस इंक्वायरी का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर, ओमान, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, थाईलैंड, जापान, इंडोनेशिया, रूस सहित अन्य देशों के साथ सक्रिय संवाद स्थापित कर उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की विविध औद्योगिक, आर्थिक एवं निर्यात क्षमता को एक ही मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, उद्यमियों एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए उद्यमी मित्रों की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा स्थानीय विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता कराई जाए। साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं तथा आगंतुकों की सुविधा के लिए ईवी बसों के संचालन की भी समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने पर बल देते हुए कहा कि UPITS-2026 उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निवेश-अनुकूल वातावरण और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रभावी परिचायक बनेगा।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments