सिसेंडी साधन सहकारी समिति भवन की बदहाल स्थिति से किसानों में आक्रोश, मरम्मत की उठी मांग

 


ब्यूरो रिपोर्ट: राजन भारती, लखनऊ ✍️

लखनऊ, 22 जुलाई। मोहनलालगंज क्षेत्र के सिसेंडी साधन सहकारी समिति का जर्जर कार्यालय एवं खाद गोदाम किसानों और कर्मचारियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश के कारण भवन की छत से पानी टपक रहा है, जिससे कार्यालय परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है और खाद की बोरियां भी भीग रही हैं।

स्थानीय किसानों का कहना है कि भवन की स्थिति काफी खराब हो चुकी है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

किसानों ने सहकारिता विभाग से समिति भवन एवं खाद गोदाम का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसानों और कर्मचारियों की जान-माल की सुरक्षा बनी रहे।

किसान क्रांति संगठन के जिला प्रभारी अशोक यादव ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन किसानों के साथ वृहद धरना-प्रदर्शन करेगा।

नोट: यह समाचार स्थानीय किसानों एवं किसान संगठन द्वारा व्यक्त किए गए आरोपों और मांगों पर आधारित है। संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Previous Post Next Post