स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन CYVAJRA के तहत साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शाहजहाँपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए लक्ष्य वेलफेयर सोसायटी के संचालक के विरुद्ध साइबर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान भारतीय स्टेट बैंक, टाउन हॉल शाखा, शाहजहाँपुर का एक बैंक खाता संदिग्ध पाया गया। जांच में सामने आया कि इस खाते में विभिन्न राज्यों के लोगों से साइबर धोखाधड़ी के माध्यम से धनराशि स्थानांतरित की गई थी।
जांच के दौरान बिहार के सारण जनपद निवासी हजरत अंसारी ने बताया कि 5 अगस्त 2025 को उनके बैंक खाते से ₹14,000 संदिग्ध खाते में ट्रांसफर हुए थे। पैसा वापस न मिलने पर उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस द्वारा बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, संदिग्ध खाता संख्या 43417070613 "लक्ष्य वेलफेयर सोसायटी" के नाम से संचालित है, जिसका संचालन देवेन्द्र उर्फ दरोगा पुत्र बाबूराम, निवासी ग्राम चौडेरा चौड़ी, थाना निगोही, जनपद शाहजहाँपुर द्वारा किया जा रहा था।
प्रथम दृष्टया जांच में साइबर धोखाधड़ी के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के विरुद्ध धारा 318(4) बीएनएस एवं धारा 66D आईटी एक्ट के तहत थाना निगोही में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस मामले में बैंक खातों, लेन-देन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि इस साइबर नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
#Shahjahanpur #CyberCrime #OperationCYVAJRA #NigohiPolice #UPPolice #CyberFraud #BreakingNews #SachKiAwazWebNews