वाहन चेकिंग के दौरान 20.594 किलो अवैध गांजा बरामद, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार


ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर, 11 अगस्त। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 20 किलो 594 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की नई महिंद्रा स्कॉर्पियो, ₹2,250 नकद और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक रमन कुमार वर्मा मय पुलिस बल के साथ क्षेत्र में रात्रि गश्त, वांछित अभियुक्तों की तलाश तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुरलीपुर कर्बला से मेवालाल चौकी जाने वाले बाईपास मार्ग पर एक काले रंग की बिना नंबर की स्कॉर्पियो को रोककर चेक किया गया।

वाहन में प्लास्टिक की बोरी रखी मिली। चालक से बोरी के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। संदिग्धता होने पर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर संतोष कुमार मिश्रा को सूचना दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह को भी मामले से अवगत कराया गया।

वीडियोग्राफी के दौरान बरामद हुआ गांजा

पुलिस टीम ने वीडियोग्राफी के दौरान बोरी की तलाशी ली, जिसमें गांजा जैसा संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से बोरी सहित वजन करने पर कुल वजन 20 किलो 594 ग्राम पाया गया।

स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर ₹2,250 नकद और तीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए। पुलिस के अनुसार वाहन पर कोई पंजीयन नंबर अंकित नहीं था। वाहन का मॉडल नंबर AZ1116YDT6A4SA01XJ, चेसिस नंबर MA1TJ2YD6T6E62220 और इंजन नंबर YDT4E7Z051 पाया गया।

हिस्ट्रीशीटर निकला गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तनवीर अहमद उर्फ शारिफ पुत्र इद्रीस, उम्र करीब 29 वर्ष, निवासी मोहल्ला गदुरहवा, पानी टंकी के पास, थाना कोतवाली नगर, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना कोतवाली नगर का हिस्ट्रीशीटर भी है।

बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0 188/2026, धारा 8/20(b)(ii)c एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने कही यह बात

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अलग-अलग स्थानों से गांजा मंगाता था और पर्याप्त मात्रा में माल एकत्र होने के बाद उसे बेचने के लिए बढ़नी होते हुए दूसरे जनपद की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की चेकिंग में पकड़ा गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Previous Post Next Post