ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
रक्षाबंधन पर्व को लेकर खाद्य विभाग का विशेष अभियान जारी, मिठाई एवं खोया के नमूने लिए
बलरामपुर। आगामी रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं ताजा मिष्ठान तथा अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 अगस्त 2026 को खाद्य सचल दल ने विभिन्न बाजारों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिष्ठान एवं खोया के नमूने संग्रहित किए।
मथुरा बाजार में 2 कुंतल छेना मिठाई नष्ट
खाद्य सचल दल ने मथुरा बाजार में कार्रवाई करते हुए छेना मिठाई एवं खोया के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान करीब 2 कुंतल छेना मिठाई उपभोग योग्य नहीं पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया, ताकि उसकी बिक्री एवं उपभोग को रोका जा सके।
इसके बाद टीम ने प्राणपुर में खाद्य प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर खोया का नमूना संग्रहित किया।
शिवपुरा बाजार में 1 कुंतल रंगीन छेना मिठाई नष्ट
वहीं शिवपुरा बाजार में जांच के दौरान छेना मिठाई एवं पेड़ा के नमूने लिए गए। निरीक्षण में करीब 1 कुंतल रंगीन छेना मिठाई उपभोग योग्य नहीं पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
इस प्रकार मथुरा बाजार एवं शिवपुरा बाजार में अभियान के दौरान कुल लगभग 3 कुंतल अखाद्य छेना मिठाई नष्ट कराई गई। साथ ही विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य कारोबारियों को दिए निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान मिष्ठान, खोया एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री में गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें।
विभाग ने स्पष्ट किया कि बासी, मिलावटी, दूषित अथवा उपभोग के लिए अनुपयुक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग का निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
