साइबर फ्रॉड के शिकार युवक को पुलिस ने लौटाए ₹4,484.85, पीड़ित ने जताया आभार

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली उतरौला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए साइबर ठगी के शिकार एक युवक के खाते में ₹4,484.85 की धनराशि वापस कराई है।

जानकारी के अनुसार, आफताब खान पुत्र मुस्तफा, निवासी ग्राम बिलासपुर, थाना कोतवाली उतरौला ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 24 जुलाई 2026 को एक अज्ञात कॉल आने के बाद उसके खाते से ₹20,000 कटने का संदेश प्राप्त हुआ। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत प्राप्त होने पर साइबर हेल्पडेस्क थाना कोतवाली उतरौला ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर ₹14,484.85 की धनराशि तत्काल होल्ड कराई। तकनीकी जांच के दौरान कुल ₹21,500 की ठगी गई राशि आरोपी के दो बैंक खातों में चिन्हित कर फ्रीज कराई गई।

इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया (SOP) के अनुसार एचडीएफसी बैंक के नोडल अधिकारी से समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी की गईं। परिणामस्वरूप ₹4,484.85 की धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।

धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित आफताब खान ने खुशी व्यक्त करते हुए कोतवाली उतरौला पुलिस एवं साइबर हेल्पडेस्क की त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

Previous Post Next Post