कांग्रेस की सरकार बनने पर ही मुस्लिम समाज का सर्वांगीण विकास संभव : हसीब खान

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं उतरौला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हसीब खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से मुस्लिम, दलित, शोषित और वंचित समाज के अधिकारों की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ही मुस्लिम समाज का चौतरफा विकास सुनिश्चित हो सकेगा।

राजधानी लखनऊ के होटल क्लार्क अवध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के नेतृत्व में आयोजित एक कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के उत्थान, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मुस्लिम बुद्धिजीवी, धर्मगुरु, पूर्व आईएएस एवं आईपीएस अधिकारी, चिकित्सक, इंजीनियर तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हसीब खान ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में मुस्लिम समाज को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों में देश को मुस्लिम राष्ट्रपति मिले, कई राज्यों में मुस्लिम मुख्यमंत्री बने तथा केंद्र सरकार में मुस्लिम नेताओं को महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी सौंपी गई।

उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि कांग्रेस की नीतियों और देश निर्माण में उसके योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाए। शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कांग्रेस की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी सामाजिक समरसता, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा पर बल दिया। बैठक में मुस्लिम समाज की शिक्षा, युवाओं के रोजगार, स्वरोजगार और सामाजिक विकास को लेकर विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर देश और प्रदेश के अनेक मुस्लिम बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post