44 युवाओं को मिला प्राविधिक सहायक पद पर नियुक्ति पत्र, किसानों के हित में ईमानदारी से कार्य करने की अपील

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

नियुक्ति पत्र पाकर खिले युवाओं के चेहरे, मेहनत और प्रतिभा को मिली नई पहचान

शाहजहांपुर, 25 अगस्त। मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ के जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से कृषि विभाग के लिए नव चयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) एवं मंडी परिषद में श्रेणी-3, वर्ग-2 के 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण शाहजहांपुर के विकास भवन सभागार में किया गया।

जनपद शाहजहांपुर में प्राविधिक सहायक पद पर 44 युवाओं का चयन हुआ है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर एवं विनीत मिश्रा ने 44 चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

किसानों के हित में ईमानदारी से करें कार्य

ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और प्रयास के बल पर युवा भविष्य में इससे भी उच्च पदों पर चयनित होकर देश और समाज की सेवा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने नवनियुक्त युवाओं को जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए। प्राविधिक सहायक के रूप में कार्य करते हुए किसानों के हितों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं तथा शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने का कार्य करें।

जिलाधिकारी ने दी शुभकामनाएं

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने भी चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्राप्त करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं के परिश्रम, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद चयनित युवाओं के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। युवाओं ने नियुक्ति प्रक्रिया के लिए शासन एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट आदित्य श्रीवास्तव, उप कृषि निदेशक पीके मिश्रा, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post