शाहजहाँपुर पुलिस ने मौके पर जाकर 47 जनशिकायतों का किया निस्तारण

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 12 अगस्त। जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहजहाँपुर पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के मौके पर जाकर कुल 47 शिकायतों का निस्तारण किया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

शिकायतकर्ता के पास पहुंचकर हो रहा समाधान

अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर जाकर उनकी शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं।

निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।

12 अगस्त 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के तहत जनपद के समस्त थानों पर प्राप्त शिकायतों में से 47 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

थाने और पुलिस ऑफिस के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत

शाहजहाँपुर पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिकायतकर्ता को अपनी शिकायत के निस्तारण के लिए बार-बार थाने अथवा उच्चाधिकारियों के पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

पुलिस टीम शिकायतकर्ता के घर अथवा मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करेगी और दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी।

पुलिस के मुताबिक इस व्यवस्था से जनशिकायतों का मौके पर ही बेहतर एवं प्रभावी तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा और शिकायतकर्ताओं को राहत मिलेगी।

Previous Post Next Post