स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
मिठाई कारखाने से रसभरी, बर्फी, लॉज और रिफाइंड पामोलीन ऑयल के नमूने लिए
शाहजहांपुर, 24 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने जनपद में व्यापक निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में तीन खाद्य टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
मिठाई कारखाने पर छापेमारी, 600 किलो खराब मिठाई नष्ट
खाद्य सचल दल ने श्यामतपुर गौटिया, निगोही रोड, शाहजहांपुर स्थित कादिर हसन सकलैनी ट्रेडर्स के मिठाई कारखाने पर छापेमारी की। गुणवत्ता पर संदेह होने के चलते टीम ने रसभरी का एक, बर्फी के दो, लॉज का एक तथा रिफाइंड पामोलीन ऑयल का एक नमूना संग्रहित किया।
निरीक्षण के दौरान कारखाने में 05 टिन एवं 16 प्लास्टिक कंटेनरों में रखी खराब रसभरी, गुलाब जामुन, बर्फी, पेड़ा और सोहन पपड़ी को गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया। नष्ट की गई मिठाइयों का कुल वजन लगभग 600 किलोग्राम, जबकि अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई।
अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को भविष्य में खराब मिठाइयों का भंडारण नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
जंग लगे बर्तनों को हटवाया
निरीक्षण के दौरान मिठाई बनाने और रखने के लिए इस्तेमाल की जा रही लोहे की कड़ाहियों/किस्तियों में जंग पाई गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने इन्हें तत्काल परिसर से हटवाया और भविष्य में स्टेनलेस स्टील के बर्तनों का प्रयोग करने के निर्देश दिए।
सत्यम स्वीट और दूध का भी लिया नमूना
तहसील तिलहर के मेन मार्केट, खुदागंज स्थित सत्यम स्वीट से मिल्क केक और पेड़ा के एक-एक नमूने लिए गए। वहीं अजीजगंज, शाहजहांपुर से दूध का एक नमूना भी संग्रहित किया गया।
सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सत्यम स्वीट पर मानक के अनुरूप साफ-सफाई नहीं मिलने तथा खाद्य पदार्थ खुले एवं अव्यवस्थित तरीके से रखे पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में ये अधिकारी रहे शामिल
निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मानवेन्द्र कुमार, वरुण कुमार, सौरभ सोनी, अजीत कुमार एवं मनोज कुमार शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए छापामार एवं जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
