स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शिकायतकर्ताओं को थाने और पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देने के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान
शाहजहाँपुर, 24 अगस्त। जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के पास मौके पर पहुंचकर उनकी शिकायतों का समाधान कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों से संबंधित कुल 23 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
मौके पर पहुंचकर हो रहा शिकायतों का समाधान
अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।
शाहजहाँपुर पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता के घर अथवा मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया जाता है। इसके बाद दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में उन्हें संतुष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
बार-बार पुलिस कार्यालय आने की जरूरत नहीं
विशेष अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को अपनी शिकायत के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा उच्चाधिकारियों के पुलिस कार्यालय जाने की परेशानी से राहत देना है।
पुलिस का कहना है कि मौके पर स्थलीय निरीक्षण और दोनों पक्षों से संवाद के माध्यम से शिकायतों का बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा की जा रही है। अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है।
