स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.पी. श्रीवास्तव ने 19 अगस्त को जनपद में संचालित चार कांवड़ स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण किया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने क्रमशः पिपरौला फैक्ट्री कांवड़ शिविर, पुरानी सीएचसी कांट के पास कांवड़ स्वास्थ्य शिविर, महाराणा प्रताप चौक (याकूबपुर तिराहा) तथा हुल्लापुर चौराहा स्थित कांवड़ स्वास्थ्य शिविरों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी शिविरों में तैनात स्टाफ ड्यूटी पर उपस्थित मिला।
इसके बाद उन्होंने सीएचसी जलालाबाद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय तक अस्पताल में 690 मरीजों का परीक्षण किया जा चुका था। एआरवी एवं एएसवी का स्टॉक भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिला।
उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण के दौरान बीपीएम शशिकांत कुशवाहा अनुपस्थित पाए गए। इस पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उनका स्पष्टीकरण तलब किया।
निरीक्षण के दौरान एनसीडी स्क्रीनिंग एवं एचपीवी वैक्सीनेशन की कम प्रगति पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने एमओआईसी डॉ. दिनेश सिंह के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों कार्यों की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक शोध अधिकारी श्री अंशुल शुक्ला भी मौजूद रहे।
