स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। आगामी बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए थाना कांट, थाना रामचन्द्र मिशन एवं थाना मिर्जापुर पुलिस द्वारा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों एवं धर्मगुरुओं के साथ पीस मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में उपजिलाधिकारी तहसील कलान की मौजूदगी रही।
पीस मीटिंग के दौरान आगामी बारावफात पर्व पर आयोजित होने वाले जुलूस एवं कार्यक्रमों के संबंध में आवश्यक जानकारी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा एवं सौहार्द कायम रखने तथा निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने की अपील की।
साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने संभ्रांत नागरिकों एवं धर्मगुरुओं से अपील की कि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
किसी भी प्रकार की समस्या, अफवाह अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए भी कहा गया। बैठक में मौजूद लोगों ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा बारावफात पर्व को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा बारावफात पर्व के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
