जापानी निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने पर सीएम योगी ने की समीक्षा बैठक

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

YEIDA में जापानी सिटी के लिए 500 एकड़ में से 350 एकड़ से अधिक भूमि का अधिग्रहण पूरा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी कंपनियों के निवेश एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन्वेस्ट यूपी और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और जापान के बीच निरंतर संवाद के माध्यम से निवेश बढ़ाने और प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने YEIDA के अंतर्गत प्रस्तावित जापानी सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति की जानकारी ली और शेष कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बताया गया कि प्रस्तावित 500 एकड़ भूमि में से 350 एकड़ से अधिक भूमि का अधिग्रहण पूरा किया जा चुका है।

जापान में होने वाले आयोजनों में भेजा जाएगा प्रतिनिधिमंडल

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जापान में सितंबर, अक्टूबर और दिसंबर में होने वाले विभिन्न वैश्विक आयोजनों में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल भेजा जाए। प्रतिनिधिमंडल में मंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योगपति और संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों को शामिल करने के निर्देश दिए गए, ताकि उत्तर प्रदेश-जापान संबंधों को और मजबूत किया जा सके।

उन्होंने जापानी भाषा प्रशिक्षण एवं स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों को तेजी से आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया। यामानाशी प्रांत समेत जापान के विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने जापानी पर्यटकों के लिए उत्तर प्रदेश के बौद्ध स्थलों पर बेहतर सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसा बौद्ध पर्यटन रूट विकसित करने को कहा, जिसके माध्यम से पर्यटक सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती, कपिलवस्तु सहित अधिक से अधिक बौद्ध स्थलों का भ्रमण कर सकें।

उन्होंने बौद्ध सर्किट में पर्यटन गतिविधियों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

जापानी विशेषज्ञों के साथ होगा विशेष सत्र

मुख्यमंत्री ने आगामी ट्रेड शो में जापानी विशेषज्ञों के साथ विशेष सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश के युवाओं और उद्यमियों को जापानी विशेषज्ञों के अनुभव एवं विशेषज्ञता का लाभ मिल सके।

उन्होंने यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल सारनाथ और जापान के नारा को सांस्कृतिक रूप से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।

यामानाशी के साथ पर्यटन सहयोग बढ़ाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और यामानाशी प्रांत के बीच द्विपक्षीय पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए दोनों क्षेत्रों के टूर ऑपरेटरों के बीच समन्वय एवं सहयोग बढ़ाने को कहा।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और जापान के बीच निवेश, रोजगार, कौशल विकास एवं पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग को और व्यापक बनाया जाए, जिससे प्रदेश के युवाओं और उद्यमियों को नए अवसर मिल सकें।

Previous Post Next Post