स्वयं सहायता समूहों की खराब प्रगति पर डीएम सख्त, बीएमएम को चेतावनी और एडीओ आईएसबी को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 13 अगस्त। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में पंचायत राज विभाग, वीबी राम जी, एनआरएलएम, जीरो पॉवर्टी, गौ-संरक्षण, ग्रामीण पुस्तकालय, फैमिली आईडी, अन्नपूर्णा भवन एवं रिक्त दुकानों सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित की गई।

निगोही और ददरौल में खराब प्रगति पर जताई नाराजगी

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों में जोड़े गए सदस्यों एवं नए गठित समूहों की प्रगति की जानकारी ली। विकासखंड निगोही एवं ददरौल में स्वयं सहायता समूहों के गठन की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने दोनों विकासखंडों के दो-दो बीएमएम को चेतावनी तथा संबंधित एडीओ आईएसबी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 15 दिनों में सुधार नहीं होने पर बीएमएम की सेवा समाप्ति तथा एडीओ आईएसबी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल एवं सीआईएफ फंड उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक विकासखंड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समूहों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

विद्यालयों में बनेंगे मिड-डे-मील शेड

वीबी राम जी योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने डीसी मनरेगा को निर्देश दिए कि प्राथमिक विद्यालयों में वीबी राम जी के माध्यम से मिड-डे-मील शेड का निर्माण कराया जाए। जिन विद्यालयों के भवन ध्वस्त हो चुके हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर मिड-डे-मील शेड बनवाने के निर्देश दिए।

24 रिक्त राशन दुकानों के आवंटन के निर्देश

अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपूर्ण अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में रिक्त पड़ी 24 राशन दुकानों का नियमानुसार जल्द आवंटन कराने को कहा।

100 से कम गोवंश वाली गौशालाओं को बंद करने के निर्देश

गौ-संरक्षण की समीक्षा में जिलाधिकारी ने अस्थायी गौशालाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि 100 से कम गोवंश वाली गौशालाओं को बंद कर वहां संरक्षित गोवंश को अन्य गौशालाओं में शिफ्ट किया जाए। यह कार्य 31 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने गौशालाओं में गोवंश के लिए हरा चारा, पर्याप्त पानी, छाया एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा।

व्यक्तिगत शौचालयों के लंबित आवेदन एक सप्ताह में निस्तारित करने के निर्देश

पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत शौचालयों के लंबित आवेदनों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए। स्वीकृत व्यक्तिगत शौचालयों की प्रथम किस्त तत्काल जारी कराने को कहा।

उन्होंने सभी बीडीओ एवं एडीओ को चयनित गांवों को शत-प्रतिशत मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने के लिए जन चौपाल आयोजित कर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

घर-घर कूड़ा उठान व्यवस्था प्रभावी बनाने पर जोर

जिलाधिकारी ने ओडीएफ प्लस ग्रामों में ई-रिक्शा के माध्यम से घर-घर कूड़ा उठान की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कूड़ा उठान के जीपीएस लोकेशन सहित फोटोग्राफ उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही सामुदायिक शौचालयों के फोटोग्राफ भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, परियोजना निदेशक अवधेश राम, जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह, डीसी मनरेगा यशोवर्धन, जिला पंचायत राज अधिकारी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त सहायक विकास अधिकारी पंचायत, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं जिला कंसलटेंट मौजूद रहे।

Previous Post Next Post