स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने रविवार, 30 अगस्त 2026 को अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनपुरा एवं लोधीपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं मुख्यमंत्री आरोग्य मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
हुसैनपुरा पीएचसी में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल मौर्या सहित संबंधित स्टाफ उपस्थित मिला। निरीक्षण के समय ओपीडी में 25 मरीजों को देखा जा चुका था। स्टोर निरीक्षण में ईडीएल के सापेक्ष 105 औषधियां उपलब्ध पाई गईं। वहीं एक लाभार्थी को HPV एवं TD वैक्सीन लगाई जा चुकी थी। सीएमओ ने स्वाइन फ्लू से बचाव एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीएमओ ने अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोधीपुर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का भी निरीक्षण किया। यहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. मो. आकिब, स्टाफ नर्स पूनम देवी, फार्मासिस्ट मोहसिन सईद सहित अन्य स्टाफ उपस्थित मिला। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में 46 मरीजों को देखा जा चुका था।
सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं सभी स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति मधुर एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य केंद्र पर 3 बच्चों एवं 1 गर्भवती महिला का टीकाकरण किया गया था।
उन्होंने चिकित्सालय के आंतरिक एवं बाहरी परिसर तथा शौचालयों में समुचित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को दिए।
