स्कूल वैन में तोड़फोड़ मामले का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद

 

ब्यूरो रिपोर्ट रिज़वान अली, लखनऊ ✍️

लखनऊ। थाना चौक क्षेत्र में स्कूल वैन में तोड़फोड़ की घटना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 03 अगस्त 2026 को सुबह करीब 6:00 बजे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक स्कूल वैन में तोड़फोड़ की गई थी। घटना के संबंध में वैन चालक की तहरीर पर थाना चौक में मुकदमा अपराध संख्या 168/2026 दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल छह आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने इनमें से अनुज राजपूत पुत्र चंगा प्रसाद (उम्र लगभग 20 वर्ष), निवासी मलझा, थाना हसनगंज, जनपद उन्नाव को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर कब्जे में ले ली है। वहीं, फरार अन्य पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले में शेष अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post