स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
सीएम डैशबोर्ड में शाहजहाँपुर को मिला दूसरा स्थान, ग्रेड-बी और ग्रेड-सी वाली योजनाओं में सुधार के निर्देश
शाहजहाँपुर। प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमएलसी सुधीर गुप्ता, कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह, जलालाबाद विधायक हरि प्रकाश वर्मा, पुवायां विधायक चेतराम, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम डैशबोर्ड में शाहजहाँपुर दूसरे स्थान पर
बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बताया गया कि सीएम डैशबोर्ड में शाहजहाँपुर को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।
अतिरिक्त ऊर्जा विभाग, उद्यान विभाग की योजनाओं, माइक्रो इरिगेशन, खराब ट्रांसफॉर्मर की शिकायतों के निस्तारण, विद्युत बिल सुधार, कृषि रक्षा रसायन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम कृषि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मनरेगा, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, भवन निर्माण, 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं, रेडियोलॉजी, मोबाइल मेडिकल यूनिट, सीटी स्कैन, दुग्ध विकास, सरकारी दंत चिकित्सा सेवा तथा दिव्यांगजन पेंशन की आधार सीडिंग सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। इनमें ग्रेड-ए प्राप्त होने की जानकारी दी गई।
इसी प्रकार हर घर जल मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पर्यटन, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, ऑपरेशन कायाकल्प, पीएम पोषण विद्यालय, पशुपालन, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पशु टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, शादी अनुदान, मत्स्य संपदा योजना, निराश्रित महिला पेंशन की आधार सीडिंग, कन्या सुमंगला योजना, प्रोजेक्ट अलंकार, सेतु एवं सड़क निर्माण, मुख्यमंत्री बालिका मदद योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन एवं सिंचाई तथा जल संसाधन विभाग सहित अन्य योजनाओं में भी ग्रेड-ए प्राप्त होने की जानकारी दी गई।
ग्रेड-बी और ग्रेड-सी वाले विभागों में सुधार के निर्देश
बैठक में ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग के 15वें वित्त आयोग में ग्रेड-बी, जबकि फैमिली आईडी योजना एवं मुख्यमंत्री सामूहिक युवा योजना में ग्रेड-सी प्राप्त होने की समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने ग्रेड-बी एवं ग्रेड-सी प्राप्त करने वाले विभागों को अपनी कार्यप्रणाली एवं प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर रैंकिंग को बनाए रखते हुए शेष योजनाओं में भी प्रभावी कार्ययोजना के साथ सुधार किया जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सीएचसी एवं पीएचसी का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान मौसम में वायरल, डेंगू एवं मलेरिया जैसी बीमारियों की संभावना को देखते हुए पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में निरोधात्मक कार्रवाई और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में 19 बृहद गौशालाएं संचालित हैं। वहीं मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान तालाब आवंटन की प्रक्रिया को लेकर प्रभारी मंत्री ने कैंप लगाकर लोगों को योजनाओं एवं तालाब आवंटन की जानकारी देने तथा व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कानून-व्यवस्था की भी हुई समीक्षा
बैठक में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि जनपद में हत्या के मामलों में 41 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि लूट की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। धर्मांतरण से संबंधित मामलों में भी 90 प्रतिशत की कमी दर्ज होने की जानकारी दी गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति पर विशेष ध्यान देने तथा जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी जनता के बीच जाकर उनकी राय एवं फीडबैक लें, जिससे योजनाओं के वास्तविक लाभ की स्थिति का आकलन किया जा सके। उन्होंने विश्वविद्यालय का निरीक्षण/विजिट कर वहां की व्यवस्थाओं एवं समस्याओं की जानकारी लेने तथा आवश्यक समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जनता तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास एवं जनकल्याण के कार्य बेहतर ढंग से किए जा रहे हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ शासन की प्राथमिकताओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की बेहतर रैंकिंग को बनाए रखने के साथ-साथ जिन योजनाओं में प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम है, उनमें ठोस कार्ययोजना बनाकर सुधार किया जाए।
अंत में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों का संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने जनपद में विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की बात कही।
