स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
विशेष अभियान के तहत शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर किया जा रहा निस्तारण
शाहजहाँपुर, 22 अगस्त 2026। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर उनकी शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण
विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।
22 अगस्त 2026 को अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 26 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा उच्चाधिकारियों के कार्यालय आने की आवश्यकता न पड़े, इसी उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
स्थलीय निरीक्षण के बाद समाधान
अभियान के तहत पुलिस टीम शिकायतकर्ता के घर अथवा संबंधित स्थल पर पहुंचकर मामले का स्थलीय निरीक्षण करेगी। आवश्यकता के अनुसार दोनों पक्षों से बातचीत कर उनका फीडबैक लिया जाएगा और शिकायत के समाधान के संबंध में उन्हें संतुष्ट करने का प्रयास किया जाएगा।
शाहजहाँपुर पुलिस का कहना है कि इस पहल से जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित होने के साथ ही शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक भागदौड़ से भी राहत मिलेगी।
