जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️
लखनऊ, 27 सितंबर। थाना दुबग्गा पुलिस ने 10 वर्षीय नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म के आरोप में एक युवक को मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर 2026 को पीड़िता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली दुबग्गा में मुकदमा अपराध संख्या 0287/2026 धारा 65(2), 351(3) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 5M/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में नाबालिग के साथ गलत कार्य करने तथा किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था।
पुलिस ने मामले में आरोपी कुन्दन पुत्र खेलावन, निवासी झुग्गी-झोपड़ी, जॉगर्स पार्क के पास, थाना दुबग्गा, उम्र करीब 24 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पीड़िता को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी और उसके परिवार के सदस्य मूल रूप से जनपद सीतापुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में जॉगर्स पार्क के पास झुग्गी-झोपड़ी में रहकर पत्थर कटाई-बिदाई का काम करते हैं।
आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक श्री श्रीकांत राय, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, उपनिरीक्षक लवकुश कुमार यादव, आरक्षी शिवम सिंह और आरक्षी विनोद कुमार शामिल रहे।
