स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 27 सितंबर। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की ओर से 27 सितंबर 2026 की रात 8 बजे जारी जलस्तर रिपोर्ट के अनुसार गर्रा और खन्नौत नदी का पानी खतरे के निशान के काफी करीब पहुंच गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक अजीजगंज पुल पर गर्रा नदी का जलस्तर 147.90 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 148.80 मीटर है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से महज 0.90 मीटर नीचे है।
लोधीपुर पुल पर खन्नौत नदी का जलस्तर 145.65 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 145.75 मीटर है। इस तरह खन्नौत नदी का पानी खतरे के निशान से केवल 0.10 मीटर नीचे है।
रामगंगा नदी के डबरी घाट पर जलस्तर 137.31 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 137.30 मीटर से 0.01 मीटर ऊपर है। वहीं गंगा नदी का जलस्तर भैंसार हाई घाट टटबंद पर 142.68 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 143.65 मीटर से 0.97 मीटर नीचे है।
रिपोर्ट के अनुसार दियुनी बैराज से गर्रा नदी में 18,617 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। कटना नदी में 5,600 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है, जो शाहजहांपुर से पहले गर्रा नदी में मिल जाता है। खखरा नदी में 810 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है, जो पीलीभीत में गर्रा नदी में मिलता है। वहीं खन्नौत नदी में 4,700 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है, जो शाहजहांपुर में गर्रा नदी में मिलती है।
नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण एवं संबंधित विभागों द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
