जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️
लखनऊ, 21 सितंबर 2026। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की मिसाल सामने आई है। गश्त के दौरान कांस्टेबल विवेक कुमार ने घर से नाराज होकर निकले 15 वर्षीय बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया।
जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर को करीब सुबह 9:30 बजे गश्त के दौरान ग्रामीणों ने कांस्टेबल विवेक कुमार को क्षेत्र में एक अनजान बालक के मौजूद होने की सूचना दी। पुलिसकर्मी ने बालक से पूछताछ कर उसकी पहचान और घर के संबंध में जानकारी ली।
बालक ने अपना नाम देवेश कन्नौजिया पुत्र मुकेश कन्नौजिया, उम्र करीब 15 वर्ष, निवासी नूननगर बदरसा, थाना बिजनौर, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ बताया। बालक ने बताया कि पिता द्वारा डांटे जाने से नाराज होकर वह घर से निकल आया था।
कांस्टेबल विवेक कुमार ने तत्परता दिखाते हुए C-Plan ऐप के माध्यम से बालक द्वारा बताए गए पते की जानकारी प्राप्त की और उसके परिजनों से संपर्क किया। बालक के पिता मुकेश कन्नौजिया ने उसकी पहचान अपने पुत्र के रूप में की।
इसके बाद पुलिसकर्मी ने परिजनों को बालक की लोकेशन भेजकर मौके पर बुलाया। परिजनों के पहुंचने पर बालक को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
कांस्टेबल विवेक कुमार की तत्परता, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता के चलते बालक सकुशल अपने परिवार से मिल सका। पुलिसकर्मी के इस कार्य की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

