प्रयागराज में चाइनीज मांझे की चपेट में आया 16 वर्षीय किशोर, गले में गहरा कट लगने से गंभीर


ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज। झूंसी क्षेत्र के इसीपुर मलावा के पास रविवार को चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझा किशोर के गले में फंस गया, जिससे गले पर गहरा कट लग गया और वह बाइक से सड़क पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार कसेरुआ कला गांव निवासी अंशु पटेल अपने दोस्त के साथ बाइक से रहीमापुर गया था। दोनों रविवार को बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसीपुर मलावा के पास अचानक हवा में उड़ रहा मांझा अंशु के गले में फंस गया। मांझे से गले में गहरा कट लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद अंशु के दोस्त ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे शहर के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

परिजन अंशु को शहर के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है।

चाइनीज मांझे पर कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे का इस्तेमाल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चाइनीज मांझा बेचने और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी चाइनीज मांझे से बाइक सवारों के घायल होने की घटनाएं सामने आई हैं।

Previous Post Next Post