स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
मिर्जापुर, शाहजहांपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को 21 सितंबर 2026 को ढाई अजमापुर रोड के पास से करीब 10:20 बजे हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को किशोरी के पिता ने अपनी 16 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में तहरीर दी थी। इसके आधार पर थाना मिर्जापुर में मु.अ.सं. 191/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस के मुताबिक किशोरी की उम्र 16 वर्ष 4 दिन सामने आई। पीड़िता के बयानों के आधार पर मामले में सामूहिक दुष्कर्म और धमकी से संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। मुकदमे में धारा 70(2), 351(3) बीएनएस तथा धारा 5(g)/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
ढाई अजमापुर रोड के पास से गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई थी। 21 सितंबर को पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ज्ञानेन्द्र कुमार (करीब 24 वर्ष) और भीम (करीब 19 वर्ष) को ढाई अजमापुर रोड के पास से गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपी थाना मिर्जापुर क्षेत्र के बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मनोज कुमार, उपनिरीक्षक महेशपाल सिंह, कांस्टेबल गोपाल, कांस्टेबल अभिषेक और महिला कांस्टेबल प्रिया शामिल रहीं।
पुलिस की ओर से मामले में आगे की विवेचना एवं विधिक कार्रवाई जारी है। पीड़िता की पहचान से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
