तिलहर-जालालाबाद में भूकंप, पुवायां-कलान में अग्नि सुरक्षा और सदर में गैस रिसाव का होगा अभ्यास
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से 18 सितंबर 2026 को जनपद में भौतिक मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, अग्नि दुर्घटना और औद्योगिक आपदा जैसी परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। इसके लिए जनपद की पांच तहसीलों में अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं।
मॉक एक्सरसाइज में NDRF, PAC, अग्निशमन विभाग, पुलिस, चिकित्सा विभाग, तहसील प्रशासन और आपदा मित्र समेत संबंधित विभागों की टीमें अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगी।
तिलहर में भूकंप सुरक्षा का होगा अभ्यास
तहसील तिलहर में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक द. रेनेशा अकादमी, नियर थाना तिलहर में भूकंप सुरक्षा मॉक ड्रिल होगी। यहां खुले मैदान में 20 बेड का फील्ड अस्पताल भी स्थापित किया जाएगा।
मॉक ड्रिल की शुरुआत छात्रों, स्टाफ एवं प्रतिभागियों के एकत्रीकरण से होगी। इसके बाद भूकंप सायरन बजाकर अभ्यास शुरू किया जाएगा। प्रतिभागियों को ‘ड्रॉप, कवर एंड होल्ड’ का प्रदर्शन कराया जाएगा।
इसके बाद सुरक्षित निकासी मार्ग से भवन खाली कराने, निर्धारित असेंबली प्वाइंट पर उपस्थिति की गणना, भवन में फंसे एवं घायल लोगों की खोज और बचाव तथा घायलों के ट्रायेज एवं प्राथमिक उपचार का अभ्यास होगा। NDRF द्वारा सर्च एवं रेस्क्यू का प्रदर्शन किया जाएगा।
जलालाबाद में सीएचसी परिसर में होगा भूकंप अभ्यास
तहसील जलालाबाद में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कस्बा जलालाबाद में भूकंप सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ एवं मौजूद लोगों को एकत्र कर अभ्यास की जानकारी दी जाएगी। भूकंप अलार्म के बाद ‘ड्रॉप, कवर एंड होल्ड’ का प्रदर्शन, भवन की सुरक्षित निकासी, फंसे एवं घायल लोगों की खोज-बचाव, घायलों को प्राथमिक उपचार और खुले मैदान में 20 बेड का फील्ड अस्पताल स्थापित करने का अभ्यास होगा।
जलालाबाद में इस अभ्यास में पीएसी 8वीं वाहिनी बरेली, पुलिस, अग्निशमन, चिकित्सा विभाग, तहसील प्रशासन एवं आपदा मित्र भाग लेंगे।
पुवायां में आग से बचाव की मॉक ड्रिल
तहसील पुवायां में सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक पुवायां इंटर कॉलेज में अग्नि आपदा से बचाव का अभ्यास होगा।
मॉक ड्रिल में अग्नि सुरक्षा सायरन बजाने के बाद भवन की त्वरित निकासी कराई जाएगी। इसके बाद एकत्रीकरण स्थल पर उपस्थिति की गणना, फायर एक्सटिंग्विशर एवं हॉज-रील के प्रयोग से आग बुझाने का प्रदर्शन तथा फायर टेंडर एवं सीढ़ी की मदद से फंसे लोगों को बचाने का अभ्यास किया जाएगा।
चिकित्सा विभाग द्वारा घायलों को प्राथमिक उपचार देने, पुलिस द्वारा क्षेत्र को सुरक्षित करने एवं भीड़ नियंत्रण तथा आपदा मित्र दल द्वारा सहायता एवं समन्वय का प्रदर्शन किया जाएगा।
कलान में भी अग्नि सुरक्षा का होगा अभ्यास
तहसील कलान में सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक मिर्जापुर स्थित जानकी महाराज इंटर कॉलेज में अग्नि आपदा से बचाव की मॉक ड्रिल होगी।
अग्निशमन विभाग द्वारा सायरन बजाकर अभ्यास शुरू कराया जाएगा। इसके बाद भवन की त्वरित निकासी, एकत्रीकरण स्थल पर उपस्थिति, अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने का प्रदर्शन, फंसे व्यक्तियों की खोज एवं बचाव और घायलों को प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास होगा।
पुलिस भीड़ प्रबंधन और क्षेत्र को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाएगी, जबकि आपदा मित्र दल द्वारा सहायता एवं समन्वय गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
सदर में कृभको फर्टिलाइजर में गैस रिसाव का अभ्यास
तहसील सदर में दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक ग्राम पिपरौला स्थित कृभको फर्टिलाइजर लिमिटेड में औद्योगिक आपदा से बचाव की मॉक ड्रिल होगी। इसमें ऑफ-साइट इमरजेंसी और गैस लीकेज जैसी स्थिति का अभ्यास किया जाएगा।
अभ्यास के दौरान गैस रिसाव की सिमुलेटेड सूचना एवं अलार्म के बाद संयंत्र में आपातकाल की घोषणा होगी। प्लांट सेफ्टी टीम रिसाव के स्रोत को नियंत्रित करने का अभ्यास करेगी। इसके बाद आसपास के क्षेत्र को खाली कराने, अग्निशमन विभाग द्वारा सुरक्षा घेरा बनाने, प्रभावित एवं घायल लोगों के ट्रायेज और प्राथमिक उपचार तथा यातायात नियंत्रण का अभ्यास किया जाएगा।
तहसील प्रशासन जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना भेजेगा। रिसाव नियंत्रण के बाद ‘ऑल क्लियर’ यानी स्थिति सामान्य होने की घोषणा की जाएगी।
मॉक ड्रिल के बाद होगा डी-ब्रीफिंग सत्र
मॉक एक्सरसाइज के बाद दोपहर 2:30 बजे से 3:30 बजे तक कंट्रोल रूम/मुख्य सभागार, शाहजहाँपुर में डी-ब्रीफिंग एवं लेसन्स लर्न्ड सत्र आयोजित होगा।
इस दौरान पांचों मॉक ड्रिल स्थलों से प्राप्त रिपोर्ट और रिस्पॉन्स टाइम का संकलन किया जाएगा। इसके बाद पूरी कार्रवाई की समीक्षा, कमियों की पहचान यानी गैप एनालिसिस और भविष्य में सुधार के लिए चर्चा की जाएगी। अंत में अध्यक्षीय संबोधन के साथ मॉक ड्रिल की औपचारिक समाप्ति होगी।
सभी विभागों को जिम्मेदारी निभाने के निर्देश
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की मिनट-टू-मिनट कार्ययोजना में संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को निर्धारित समय पर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। दस्तावेज में स्पष्ट किया गया है कि 18 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली भौतिक मॉक एक्सरसाइज का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम निर्धारित समय-सारणी के अनुसार अनुपालन के लिए जारी किया गया है।