17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न जनसेवा, जनकल्याण, जागरूकता और जनभागीदारी के कार्यक्रम
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 14 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित विभिन्न सेवा, जनकल्याण, जनजागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।
बैठक में जलालाबाद विधायक हरि प्रकाश वर्मा, कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सरकार की जनसेवा एवं जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत होने वाले सभी कार्यक्रम प्रभावी ढंग से आयोजित किए जाएं और इनमें अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
17 सितंबर से शुरू होंगे सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम
अभियान के प्रथम चरण में 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को टूल किट एवं उपकरणों का वितरण किया जाएगा।
जनपद में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। मेडिकल कॉलेजों एवं निजी मेडिकल कॉलेजों में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों एवं नगर निकाय के वार्डों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा विभिन्न धार्मिक स्थलों, विधानसभा क्षेत्रों, नगर पालिका, नगर निगम एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 1001 दीये जलाए जाएंगे। शासकीय भवनों एवं सरकारी कार्यालयों में भी दीप प्रज्वलन किया जाएगा।
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर होंगी प्रतियोगिताएं
‘मेरे सपनों का भारत’ एवं ‘विकसित भारत’ अभियान के तहत विद्यालय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ड्रॉइंग प्रतियोगिता तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी।
विद्यालय स्तर पर चयनित विजेताओं को ब्लॉक स्तर और इसके बाद जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। ‘विकसित भारत’ विषय पर भी भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
2 अक्टूबर को नुक्कड़ नाटक और ऑडियो प्ले
2 अक्टूबर को विशेष कार्यक्रमों के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही 30 मिनट का ऑडियो प्ले भी चलाया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग के माध्यम से विद्यालयों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर होंगे विशेष कार्यक्रम
25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आशा बहनों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही हेल्दी बेबी प्रतियोगिता भी आयोजित होगी और बच्चों को कॉमिक बुक वितरित की जाएगी।
‘सेवा की कहानी’ के जरिए सामने आएंगी लाभार्थियों की सफलता की कहानियां
सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से सामने लाया जाएगा। लाभार्थियों की छोटी-छोटी रील और वीडियो तैयार कर योजनाओं से मिले लाभ एवं उनके अनुभवों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा हेतु अभियान’ एवं ‘सरकार आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ये कार्यक्रम 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक संचालित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यों से जोड़ने तथा सेवा एवं जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देना है।
108 मीटर लंबी रंगोली और लेजर शो होगा आकर्षण
अभियान के अंतर्गत 7 अक्टूबर को 108 मीटर लंबी रंगोली बनाई जाएगी। इसके साथ ही लेजर शो, विभिन्न स्थानों पर चौपाल और अन्य जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के अंतर्गत होने वाली गतिविधियों एवं कार्यक्रमों को माय भारत पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
सेवा ज्योति कलश यात्रा का होगा आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का भी आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जनपद में खिरनी बाग चौराहे का चयन किया गया है, जहां सेवा ज्योति की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही पैदल, साइकिल एवं मोटरसाइकिल यात्राएं भी आयोजित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने दी बाढ़ की स्थिति की जानकारी
बैठक के दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने जनपद में नदियों के जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में नदियों का जलस्तर लगातार घट रहा है। गंगा नदी का जलस्तर कम हो रहा है, जबकि रामगंगा नदी का जलस्तर भी धीमी गति से घट रहा है।
उन्होंने बताया कि जलालाबाद एवं कलान सहित प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति नियंत्रण में है। कुछ स्थानों पर जलस्तर बढ़ा हुआ है, लेकिन किसी बड़ी क्षति की सूचना नहीं है। संबंधित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
बेहतर समन्वय से अभियान को सफल बनाने पर जोर
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं सेवा कार्यों की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाई जाए। उन्होंने सभी कार्यक्रमों को बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्ययोजना के साथ आयोजित कराने तथा अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने पर जोर दिया।
