फर्जी निवेश कंपनी के जरिए इंजीनियरों से निवेश कराने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

 

गाजीपुर पुलिस की कार्रवाई, ब्लूधौ ट्रेडिंग कंपनी के निदेशक बताए जा रहे दोनों आरोपी बाराबंकी से गिरफ्तार

ब्यूरो रिपोर्ट मो. चांद लखनऊ ✍️

लखनऊ, 14 सितंबर 2026। थाना गाजीपुर पुलिस ने कथित फर्जी निवेश कंपनी के माध्यम से लोगों से निवेश कराने और रकम के भुगतान में गड़बड़ी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ब्लूधौ ट्रेडिंग कंपनी के निदेशक के पद पर थे और निवेशकों से धनराशि एकत्र करने में उनकी सक्रिय भूमिका सामने आई है।

5 प्रतिशत मासिक ब्याज का दिया गया था कथित लालच

पुलिस के अनुसार, इस मामले में 6 फरवरी 2024 को मोहम्मद अहमद निवासी बाराबंकी ने थाना गाजीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ब्लूधौ ट्रेडिंग कंपनी के संचालकों ने उन्हें कंपनी में एजेंट के रूप में कार्य करने तथा लोगों से निवेश कराने के बदले मासिक वेतन और निवेशित रकम पर 5 प्रतिशत मासिक ब्याज देने का आश्वासन दिया था।

पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच की गई।

विवेचना में निदेशक के रूप में भूमिका सामने आने का दावा

पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि घटना के समय दोनों आरोपी कंपनी में डायरेक्टर के पद पर थे और कंपनी के माध्यम से निवेशकों से धनराशि एकत्र करने में उनकी सक्रिय भूमिका थी।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों को अपने बचाव में साक्ष्य एवं अभिलेख प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन वे कोई वैध साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध होने के बाद दोनों को धारा 409/506 भादवि के तहत नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।

अधिक लाभ का लालच देकर निवेश कराने का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपियों का कथित उद्देश्य निवेशकों को अधिक लाभ का भरोसा देकर दोबारा निवेश कराने और उससे अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करना था।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—

1. घनश्याम यादव पुत्र जगदेव यादव, निवासी ग्राम मझपुरवा, पोस्ट शुगर मिल, थाना नगर गन्ने, जनपद बाराबंकी, उम्र करीब 31 वर्ष।

2. प्रवीण कुमार पुत्र स्व. सुंदर लाल, निवासी ग्राम बनियानी, पोस्ट सिरौली सुरजनपुर, थाना फतेहपुर, जनपद बाराबंकी, उम्र करीब 39 वर्ष।

के रूप में हुई है।

दो मुकदमों का आपराधिक इतिहास

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ थाना गाजीपुर, कमिश्नरेट लखनऊ में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं—

  • मु0अ0सं0 54/2024, धारा 409/420/506 भादवि।
  • मु0अ0सं0 252/2020, धारा 120-B/409/420/506 भादवि।

पुलिस अन्य थाना एवं जनपदों से भी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रभात बालियान, कांस्टेबल प्रदीप कुमार एवं कांस्टेबल अंकित मिश्रा शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Previous Post Next Post