शाहजहांपुर: परिवार परामर्श केंद्र में 26 मामलों की सुनवाई, समझौते के बाद 4 दंपतियों को साथ भेजा गया

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 21 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन में सोमवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 26 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई, जिसमें आपसी समझाइश और संवाद के बाद 4 दंपतियों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। इसके बाद सभी चार दंपतियों को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।

रौजा थाना क्षेत्र के दंपति में हुआ समझौता

रौजा थाना क्षेत्र के एक दंपति की शादी करीब 9 वर्ष पूर्व हुई थी। उनका एक 8 वर्षीय बेटा है। दोनों पक्षों की काउंसलिंग के दौरान पति ने पत्नी के खाना न बनाने और बिना बताए घर से चले जाने की शिकायत रखी, जबकि पत्नी ने पति पर भांग का नशा करने, मारपीट करने और घर के लिए राशन न लाने का आरोप लगाया।

परामर्श के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और साथ रहने के लिए तैयार हो गए।

कांट थाना क्षेत्र के दंपति ने भी सुलझाया विवाद

कांट थाना क्षेत्र के एक दंपति की शादी करीब 6 वर्ष पूर्व हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं और महिला करीब दो महीने से मायके में रह रही थी।

महिला ने पति और सास पर विवाद करने तथा उसे घर से निकालने की बात कही। वहीं पति ने पत्नी पर घर में झगड़ा करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ रहने की इच्छा जताई। दोनों पक्षों की काउंसलिंग के बाद आपसी सहमति से समझौता हुआ और दोनों को साथ भेज दिया गया।

खुदागंज के दंपति में भी बनी सहमति

खुदागंज थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। महिला दो महीने से मायके में रह रही थी और उनके दो बच्चे हैं।

महिला ने पति और ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप लगाया और कहा कि वह पति के साथ रहने को तैयार है, बशर्ते उसके साथ मारपीट न की जाए। वहीं पति ने पत्नी पर झगड़ा और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया तथा साथ रहने की इच्छा जताई।

परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को समझाया गया, जिसके बाद उन्होंने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।

सदर बाजार क्षेत्र के दंपति ने भी विवाद खत्म किया

सदर बाजार थाना क्षेत्र के एक दंपति की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व हुई थी। उनके दो बच्चे हैं और महिला करीब पांच महीने से मायके में रह रही थी।

महिला ने पति पर शराब पीकर उसके और बच्चों के साथ मारपीट करने तथा उसकी मां को गाली देने का आरोप लगाया। महिला ने कहा कि यदि पति शराब छोड़ दें तो वह साथ रहने को तैयार है। पति ने भी भविष्य में शराब न पीने की बात कहते हुए पत्नी के साथ रहने की इच्छा जताई।

परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को समझाया गया, जिसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और उन्हें सकुशल विदा किया गया।

परामर्श केंद्र की टीम रही मौजूद

इस दौरान प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, मुख्य आरक्षी चंद्रकांता, महिला आरक्षी निशा, रश्मि चौधरी, नेहा चौहान, मौनिका कुमारी, पिंकी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों के बीच संवाद और समझाइश कर आपसी सहमति से विवादों के समाधान का प्रयास किया गया।

Previous Post Next Post