जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️
लखनऊ। थाना पारा क्षेत्र में आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास मामूली सड़क हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को जबरन अगवा कर ₹2 लाख की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहृत चालक को आरोपियों के कब्जे से सकुशल मुक्त करा लिया।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को महेन्द्र प्रताप सिंह निवासी ग्राम सोनबरसा, थाना बल्दीराय, जनपद सुल्तानपुर ने थाना पारा में सूचना दी कि नगर निगम लखनऊ के एक कार्यक्रम में ड्यूटी पर जा रहे मोबाइल टॉयलेट वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक शुभम सिंह को आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास फॉर्च्यूनर सवार अज्ञात लोगों ने अगवा कर लिया है।
आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने शुभम सिंह को बंधक बनाकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे/वाराणसी की ओर ले जाते हुए उसके परिजनों और नगर निगम कर्मचारियों से ₹2 लाख की फिरौती मांगी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
सूचना मिलने के बाद थाना पारा पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत शुभम सिंह को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 140(2), 352 और 115(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मैनपुरी से फॉर्च्यूनर कार संख्या UP65FX6363 से लौट रहे थे। 24 सितंबर की रात आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर उनकी गाड़ी की सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से मामूली टक्कर हो गई। इससे फॉर्च्यूनर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद दोनों ने ट्रैक्टर चालक शुभम सिंह के साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज की तथा गाड़ी के नुकसान की भरपाई के लिए उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
आरोपियों के अनुसार, शुभम के साथियों के फोन आने पर उन्होंने गाड़ी के नुकसान के एवज में ₹2 लाख ऑनलाइन भेजने की मांग की और पैसे नहीं देने पर शुभम को बनारस ले जाने तथा जान से मारने की धमकी दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपलब्ध कुमार दुबे उर्फ पीयूष पुत्र स्व. राम सिंह दुबे, निवासी ग्राम रेही लहनपुर, थाना लालगंज, जनपद मिर्जापुर, उम्र करीब 30 वर्ष तथा नित्यानन्द सिंह उर्फ गोपाल पुत्र स्व. विकास सिंह, निवासी ग्राम कोडरिया, थाना चन्दौली, जनपद चन्दौली, उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में हुई है।
मामले में थाना पारा पर मु0अ0सं0 670/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह, थाना पारा तथा उपनिरीक्षक ओम प्रकाश तिवारी, चौकी प्रभारी मोहान रोड, थाना पारा कमिश्नरेट लखनऊ शामिल रहे।
