गाली-गलौज के विवाद में मारपीट से युवक की मौत, पीजीआई पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

 

ब्यूरो रिपोर्ट रिज़वान अली, लखनऊ ✍️

लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र में गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में थाना पीजीआई में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर 2026 को सभा खेड़ा मजरा कल्ली पश्चिमी निवासी महिला ने थाना पीजीआई में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके करीब 26 वर्षीय बेटे प्रवीण के साथ पड़ोसी हनुमान और उसके परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में थाना पीजीआई पर मु0अ0सं0 487/2026, धारा 191(2)/103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल जांच और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से चार आरोपियों रवि, हनुमान, सावित्री देवी और मनीषा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में रवि पुत्र हनुमान, उम्र 34 वर्ष, हनुमान पुत्र मिश्री लाल, उम्र 60 वर्ष, सावित्री देवी पत्नी हनुमान, उम्र 58 वर्ष और मनीषा पत्नी शुभम, उम्र 20 वर्ष, सभी निवासी सभा खेड़ा, कल्ली पश्चिम, थाना पीजीआई, लखनऊ शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Previous Post Next Post