स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 30 सितंबर 2026। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को शाहजहांपुर पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर 41 शिकायतों का निस्तारण किया।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर उनकी शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 को अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 41 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाना या पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। पुलिस टीम शिकायतकर्ता के घर या घटनास्थल पर पहुंचकर स्थलीय जांच करेगी और आवश्यकता के अनुसार दोनों पक्षों से बातचीत कर शिकायत के समाधान के संबंध में फीडबैक भी लिया जाएगा।
शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार, इस व्यवस्था से शिकायतकर्ताओं को अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी और मौके पर ही शिकायतों का बेहतर एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
