शाहजहांपुर, 30 सितंबर 2026। थाना बंडा के गेट के बाहर बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे 35 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पुलिस ने महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंडा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया। महिला के साथ थाना बंडा से एक महिला आरक्षी को भी मदद के लिए भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि महिला ने 17 जून 2026 को थाना बंडा में हरिनरायण तिवारी समेत नौ लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। तहरीर में मारपीट, प्रताड़ना, दहेज में अतिरिक्त रुपये की मांग, घर जाकर मारपीट करने तथा महिला और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे।
तहरीर के आधार पर थाना बंडा में मु0अ0सं0 282/2026, धारा 85, 115(2), 351(3) बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक मामले की विवेचना पूरी करने के बाद आरोप पत्र संख्या 321/2026 दिनांक 15 अगस्त 2026 को न्यायालय भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार महिला का पति नमः शिवाय पूर्व से शादीशुदा था और उसकी पहली शादी को करीब 15 वर्ष हो चुके हैं। महिला ने करीब आठ वर्ष पूर्व उससे शादी की थी। महिला का आरोप था कि उसके पति ने पहले से शादीशुदा होने की बात उससे छिपाई थी। महिला ने यह भी बताया था कि ससुरालीजन उसे खर्च नहीं देते और घर में रहने नहीं देते थे।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को महिला के ससुर को आवश्यक पूछताछ एवं जांच के लिए थाने बुलाया गया था। इसी दौरान महिला और उसके ससुर के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद महिला ने थाना गेट के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया।
फिलहाल महिला का उपचार जिला अस्पताल शाहजहांपुर में चल रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।