स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 21 सितंबर 2026। नगर आयुक्त ने सोमवार को नगर निगम शाहजहांपुर क्षेत्र में राज्य सेक्टर योजनांतर्गत निर्माणाधीन विभिन्न नाली एवं सीसी सड़कों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी भी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सीसी रोड की मोटाई, नाली के लेवल और जल निकासी व्यवस्था का मौके पर जायजा लिया।
महमंद जलालनगर में सीसी सड़क निर्माण प्रगति पर
सबसे पहले महमंद जलालनगर में मुर्सली मस्जिद से लिबास टेलर्स के मकान के पीछे होते हुए मुमताज मेम्बर के मकान के पास तक चल रहे नाली एवं सीसी सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। मौके पर सीसी ढलाई का कार्य प्रगति पर मिला। निरीक्षण में सीसी एवं बेस की मोटाई मानक के अनुरूप पाई गई।
नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता को कार्य में तेजी लाते हुए निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
गोकुल धाम कॉलोनी में ईंटों की गुणवत्ता की जांच के निर्देश
इसके बाद खिरनीबाग स्थित गोकुल धाम कॉलोनी की विभिन्न गलियों में नाली एवं सीसी सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। यहां करीब 50 प्रतिशत सीसी कार्य पूरा पाया गया, जबकि शेष हिस्से में नाली चिनाई का कार्य जारी मिला।
निर्माण की गुणवत्ता जांचने के लिए मौके से औचक रूप से तीन ईंटें निकालकर स्ट्रेंथ टेस्ट के लिए लैब भेजने के निर्देश मुख्य अभियंता को दिए गए।
सुभाष नगर में जलभराव की समस्या दूर कराने के निर्देश
सुभाष नगर में मुख्य मार्ग पर हेल्थ केयर हॉस्पिटल से केजीएन हाउस के पास तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीसी सड़क के बीच बनी पुलिया की सतह सड़क से नीचे पाई गई, जिससे वहां जलभराव की समस्या होने की बात सामने आई।
नगर आयुक्त ने जलभराव की समस्या दूर करने के लिए सीसी सड़क को पुलिया की सतह के बराबर कराने के निर्देश दिए। कुछ स्थानों पर नाली में पानी का बहाव भी सही नहीं पाया गया, जिस पर नाली का बेड लेवल दुरुस्त कराने को कहा गया।
वहीं, कुछ स्थानों पर ग्रूफ कटिंग प्रथम दृष्टया मानक के अनुरूप नहीं पाई गई। नगर आयुक्त ने ग्रूफ कटिंग की गहराई और सीसी रोड की थिकनेस का अनुपात निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ककराखुर्द में सीसी रोड की मोटाई प्रथम दृष्टया सही
ककराखुर्द में नाजों के खोखे से नईम के मकान होते हुए खेड़े वाली मस्जिद के पास तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। यहां सीसी की मोटाई प्रथम दृष्टया सही पाई गई और निर्माण कार्य प्रगति पर मिला। मौके पर सड़क की क्योरिंग का कार्य भी चलता पाया गया।
रैंप बनाकर संपर्क मार्गों को जोड़ने के निर्देश
नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर सीसी सड़क निर्माण के कारण मुख्य सड़क ऊंची हो गई है और संपर्क मार्ग नीचे रह गए हैं, वहां रैंप बनाकर संपर्क मार्गों को सीसी सड़क से जोड़ा जाए, ताकि लोगों के आवागमन में परेशानी न हो।
उन्होंने सभी निर्माणाधीन सड़कों का कार्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के साथ तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए।
