ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, उतरौला का निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्यालय के कक्षा-कक्षों, परिसर, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय सहित छात्राओं के लिए उपलब्ध अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को सभी व्यवस्थाओं को बेहतर, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ अनुशासन, नियमित उपस्थिति और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्देशित किया कि विद्यालय में छात्राओं को पढ़ाई के लिए सकारात्मक एवं सुरक्षित वातावरण मिले तथा उनकी शिक्षा और सुविधाओं से जुड़ी आवश्यकताओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार करने तथा लर्निंग आउटकम बेहतर करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने विद्यालय प्रशासन से शिक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति पर नियमित रूप से ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम उतरौला एवं जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
