अभ्युदय कोचिंग के विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के टिप्स

नगर आयुक्त ने लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन और उत्तर लेखन पर दिया जोर

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 16 सितंबर 2026। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की कोचिंग में बुधवार को नगर आयुक्त महोदया ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें सिविल सेवा परीक्षा में सफलता के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, अध्ययन की रणनीति, करेंट अफेयर्स और परीक्षा के विभिन्न चरणों की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

लक्ष्य निर्धारित कर बनाएं टाइम टेबल

नगर आयुक्त ने विद्यार्थियों से कहा कि सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करें और उसके अनुसार टाइम टेबल बनाएं। उन्होंने नियमित एवं अनुशासित अध्ययन पर जोर देते हुए दिनभर में पर्याप्त समय पढ़ाई को देने की सलाह दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम को दैनिक, साप्ताहिक और मासिक लक्ष्यों में विभाजित करके तैयारी करने को कहा, ताकि पढ़ाई को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके।

माइंड मैपिंग और नोट्स बनाने की दी सलाह

उन्होंने महत्वपूर्ण विषयों और बिंदुओं की माइंड मैपिंग करने तथा डिटेल नोट्स तैयार करने की सलाह दी। साथ ही प्रारंभिक परीक्षा के साथ-साथ मुख्य परीक्षा की तैयारी पर भी बराबर ध्यान देने को कहा।

नगर आयुक्त ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन मुख्य परीक्षा के प्रश्नों का उत्तर लेखन अभ्यास करने की सलाह दी, जिससे परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन और उत्तर प्रस्तुत करने की क्षमता बेहतर हो सके।

करेंट अफेयर्स पर विशेष ध्यान

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि इससे समसामयिक घटनाओं की जानकारी बेहतर तरीके से प्राप्त करने में मदद मिलती है।

इसके अलावा उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में उपयोगी कुछ महत्वपूर्ण पुस्तकों के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी तथा प्रतिदिन एक मॉक टेस्ट हल करने की सलाह दी।

साक्षात्कार को लेकर साझा किए अनुभव

नगर आयुक्त ने सिविल सेवा परीक्षा के साक्षात्कार चरण के संबंध में भी छात्र-छात्राओं से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपनी तैयारी जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, कोर्स कोऑर्डिनेटर राहुल यादव, अतिथि प्रवक्ता विनय चन्द्र तिवारी, अतिथि प्रवक्ता योगेन्द्र कुमार एवं अतिथि प्रवक्ता वैभव वर्मा मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने नगर आयुक्त महोदया का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Previous Post Next Post