स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के तहत जनपद शाहजहाँपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में “बहू-बेटी सम्मेलन” आयोजित किए गए।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों में महिला पुलिस कर्मियों और एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों, अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
मुश्किल समय में इन हेल्पलाइन नंबरों की लें मदद
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, असुरक्षा अथवा आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
- 1090 – वूमेन पावर लाइन
- 112 – यूपी पुलिस आपातकालीन सेवा
- 181 – महिला हेल्पलाइन
- 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
- 108 – एम्बुलेंस सेवा
- 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
महिलाओं एवं बालिकाओं को इन सेवाओं का आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी संकोच और भय के इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया।
छेड़छाड़ या साइबर अपराध पर तत्काल दें सूचना
महिला पुलिस कर्मियों और एंटी रोमियो टीमों ने बताया कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, पीछा करने, साइबर अपराध या किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में महिलाएं तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस द्वारा शिकायत को गंभीरता और प्राथमिकता के साथ लेते हुए आवश्यक सहायता एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान “सुरक्षित नारी, सशक्त नारी” का संदेश देते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी विषम परिस्थिति में चुप न रहने के लिए प्रेरित किया गया।
शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
शाहजहाँपुर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
