गौवंश के गले में बांधी जा रही रिफ्लेक्टिव बेल्ट, दूर से नजर आएंगे पशु; वाहन चालकों को मिलेगा समय रहते सावधानी बरतने का मौका
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 15 सितंबर 2026। रात के समय सड़कों पर बैठे या घूमते आवारा गौवंश के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए शाहजहाँपुर यातायात पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में रिफ्लेक्टिव बेल्ट अभियान चलाया जा रहा है।
अंधेरे में दूर से दिखाई देगा गौवंश
रात्रि गश्त के दौरान यातायात पुलिस टीम द्वारा सड़कों पर घूमने वाले आवारा गौवंश के गले में रिफ्लेक्टिव बेल्ट बांधी जा रही है। इन बेल्ट के कारण वाहन की रोशनी पड़ने पर गौवंश अंधेरे में दूर से ही दिखाई देने लगेगा।
इससे वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद गौवंश का समय रहते पता चल सकेगा और वे अपनी गति नियंत्रित कर संभावित दुर्घटना से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरत सकेंगे।
दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष सतर्कता
यातायात पुलिस द्वारा जनपद की सीसी टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर रात्रि गश्त एवं प्रभावी प्रवर्तन की कार्रवाई भी की जा रही है। दुर्घटना संभावित स्थानों और प्रमुख मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
क्षेत्राधिकारी यातायात के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा यातायात पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रात्रि के समय मार्गों पर आवारा गौवंश की दृश्यता बढ़ाने के लिए रिफ्लेक्टिव बेल्ट लगाए जाने की पहल सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वाहन चालकों से सतर्क रहने की अपील
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि रात के समय वाहन चलाते हुए निर्धारित गति सीमा का पालन करें और विशेष सतर्कता बरतें। सड़क पर अचानक गौवंश अथवा अन्य बाधा दिखाई देने पर वाहन की गति नियंत्रित करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
