एलटी लाइन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

 

मृतक पिता-पुत्र (फाइल फोटो)
पेड़ की डाल एलटी लाइन पर गिरने के बाद हुआ हादसा, बेटे को बचाने पहुंचे पिता भी करंट की चपेट में आए

सह ब्यूरो चीफ सुधीर सिंह कुम्भाणी सीतापुर ✍️

सकरन/सीतापुर। थाना सकरन क्षेत्र के बेलवा बसहिया गांव में रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक हादसे में करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। एक साथ दो मौतों की खबर से गांव में मातम छा गया और परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान पीयूष मिश्रा (17) और उनके पिता जितेश मिश्रा (56) निवासी बेलवा बसहिया के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, घर के सामने पाकड़ के पेड़ के पास से एलटी विद्युत लाइन गुजर रही है। रविवार दोपहर पेड़ पर चढ़े बंदर के कारण एक डाल टूटकर नीचे गिर गई और एलटी लाइन पर जा गिरी।

बताया गया कि पेड़ की डाल हटाने के लिए 17 वर्षीय पीयूष वहां पहुंचा। इसी दौरान वह एलटी लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। बेटे को करंट की चपेट में देखकर उसे बचाने के लिए पहुंचे पिता जितेश मिश्रा भी विद्युत करंट की चपेट में आ गए।

परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकरन लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

परिवार में मचा कोहराम

परिजनों के अनुसार, पीयूष दो भाइयों में छोटा था और धार्मिक आयोजनों में पूजा-पाठ कर अपने पिता की मदद करता था। वहीं जितेश मिश्रा खेती-किसानी करते थे। पिता-पुत्र की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मां और बड़े भाई का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

सूचना पर पहुंची सकरन पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय सीतापुर भेज दिया।

थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से आबादी के ऊपर से गुजर रही जर्जर एलटी लाइनों को तत्काल हटाने तथा मृतक परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Previous Post Next Post