शाहजहांपुर: अवैध शराब बिक्री पर रोक में लापरवाही पर आबकारी इंस्पेक्टर के निलंबन के निर्देश

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

डीएम ने कानून व्यवस्था, नारकोटिक्स, आबकारी और अभियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश

शाहजहांपुर, 24 सितंबर। कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड (कानून व्यवस्था), नारकोटिक्स, आबकारी एवं अभियोजन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय कार्रवाई और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अवैध शराब बिक्री पर लापरवाही को गंभीरता से लिया

आबकारी विभाग की कार्रवाई की समीक्षा के दौरान कलान क्षेत्र में अवैध मदिरा की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित आबकारी इंस्पेक्टर की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। साथ ही अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नशीले पदार्थों के कारोबार पर कार्रवाई के निर्देश

नारकोटिक्स सेल की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत जनपद में की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

अभियोजन कार्यों की भी हुई समीक्षा

जिलाधिकारी ने अभियोजन कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई पर भी जोर दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post