ब्यूरो रिपोर्ट मो. चांद, लखनऊ ✍️
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने लापता युवक सुजीत यादव की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब के नशे में विवाद के बाद सुजीत यादव को इंदिरा नहर में फेंकने की बात कबूल की है।
पुलिस के मुताबिक, बरसाना का पुरवा निवासी सुजीत यादव उम्र करीब 34 वर्ष 17 सितंबर 2026 को घर से बिना बताए लापता हो गया था। उसके भाई चंद्रशेखर यादव ने थाना सुशांत गोल्फ सिटी में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
तलाश के दौरान रायबरेली के थाना बछरावां क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिलने की जानकारी पुलिस को मिली। अज्ञात शव की फोटो और हुलिया देखकर चंद्रशेखर यादव ने शव की पहचान अपने लापता भाई सुजीत यादव के रूप में की।
इसके बाद 28 सितंबर को थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मु0अ0सं0 653/2026, धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत उमेश कुमार वर्मा उर्फ सोनी वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से जांच करते हुए आरोपी उमेश कुमार वर्मा उर्फ सोनी वर्मा निवासी मोहम्मदपुरगढ़ी, थाना गोसाईगंज, लखनऊ को गिरफ्तार किया गया।
शराब के नशे में विवाद के बाद हत्या का आरोप
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 13 सितंबर की रात अहमामऊ चौराहे के पास शराब के नशे में सुजीत यादव ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इसी बात को लेकर उसके मन में रंजिश हो गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसने सुजीत को सबक सिखाने के इरादे से ऑटो में बैठाया और गोसाईगंज की ओर ले गया। इसके बाद शराब के नशे में उसे इंदिरा नहर पुल से नहर में फेंक दिया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
नोट: यह खबर पुलिस द्वारा जारी जानकारी और पूछताछ में सामने आए पुलिस के दावे पर आधारित है। आरोपी पर लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायालय द्वारा किया जाएगा।
