स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप जिला क्षय रोग अधिकारी कार्यालय में स्वस्थ जीवन एवं टीबी मुक्त भारत के लिए सामूहिक संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशों और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. करण सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान डॉ. फैसल, जिला उप क्षय रोग अधिकारी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी अफरोज अहमद, मेडिकल कॉलेज आयुष विंग के चिकित्साधिकारी डॉ. राजेंद्र कुशवाहा तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाहजहांपुर के सचिव डॉ. विजय जौहरी मौजूद रहे।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिलाया संकल्प
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव एवं अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय जौहरी ने चिकित्सकों, कर्मचारियों, उपचाररत टीबी रोगियों, उनके परिजनों और सहयोगियों को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” के अनुरूप स्वस्थ जीवन का सामूहिक संकल्प दिलाया।
संकल्प में स्वस्थ आहार-विहार, नियमित दिनचर्या, पर्याप्त विश्राम, स्वच्छता, योग, सकारात्मक सोच और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने बीमारी का इंतजार करने के बजाय बचाव के लिए पहले से स्वास्थ्य की देखभाल करने और संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने का संकल्प लिया।
टीबी रोगियों ने नियमित उपचार का लिया संकल्प
टीबी रोगियों ने चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं और उपचार को निर्धारित अवधि तक नियमित रूप से जारी रखने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के उपचार बंद नहीं करने का संकल्प लिया। साथ ही टीबी रोगियों के प्रति सम्मान और सहयोग रखने तथा बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों एवं भेदभाव को दूर करने की दिशा में सहयोग करने की बात कही गई।
रेड क्रॉस ने वितरित किए मास्क
कार्यक्रम के दौरान इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से उपलब्ध कराए गए मास्क सभी उपस्थित रोगियों, उनके परिजनों, चिकित्सकों और कर्मचारियों को निःशुल्क वितरित किए गए। लोगों से मास्क का उपयोग करने और संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई।
डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” का संदेश स्वस्थ जीवनशैली और रोगों से बचाव के प्रति जागरूकता का संदेश है। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को मजबूत करने के लिए नियमित उपचार के साथ पोषण, स्वच्छता, सावधानी और सामाजिक सहयोग भी जरूरी है।
कार्यक्रम में डॉ. करण सिंह, आशीष श्रीवास्तव, रजनीश सक्सेना, सिद्धार्थ गुप्ता, सुभाष खन्ना, निर्दोष, मुरारी दीक्षित, अवनीश कुमार सक्सेना और बृजेश गुप्ता सहित जिला क्षय रोग चिकित्सालय के चिकित्सक एवं कर्मचारी, उपचाररत टीबी रोगी, उनके परिजन एवं सहयोगी मौजूद रहे।
