आयुष्मान आरोग्य मंदिर हरहाटा में डीएम ने परखी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता का लिया जायजा

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकासखंड तुलसीपुर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर हरहाटा का निरीक्षण कर वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध सुविधाओं एवं दवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी संचालन, टीकाकरण व्यवस्था, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य संबंधी अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।


डीएम ने निर्देशित किया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया जाए और ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र पर आने वाले मरीजों को निर्धारित स्वास्थ्य सुविधाएं एवं आवश्यक दवाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।

टीकाकरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण की ड्यू लिस्ट नियमित रूप से अपडेट रखी जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र बच्चा अथवा गर्भवती महिला निर्धारित टीकाकरण से वंचित न रहे। स्वास्थ्य कर्मी क्षेत्र में नियमित संपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों को समय से टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करें।

ग्राम पंचायत सचिवालय का भी किया निरीक्षण

इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय हरहाटा का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न शासकीय एवं ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी ली तथा सचिवालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्राम पंचायत सचिवालय के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न ऑनलाइन एवं शासकीय सेवाओं का लाभ सुगमता और समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से अन्य कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने परिवार रजिस्टर का भी अवलोकन किया और अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिवालय ग्रामीण स्तर पर शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए यहां उपलब्ध सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए और पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाई जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य एवं ग्राम पंचायत स्तर की सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post