सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक वीरसेन सिंह को भावभीनी विदाई

 


एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने स्मृति चिन्ह, शॉल व उपहार भेंट कर किया सम्मानित

ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जनपद में कार्यरत पुलिस उपाधीक्षक वीरसेन सिंह के अधिवर्षिता आयु पूर्ण कर 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने की।

विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक वीरसेन सिंह को माल्यार्पण कर पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह, शॉल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने कहा कि वीरसेन सिंह ने अपने सेवाकाल में उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के विभिन्न जनपदों और महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य किया। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास कायम करने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और कार्यशैली युवा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने भी सेवानिवृत्त अधिकारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक वीरसेन सिंह भावुक हो गए। उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए पुलिस अधीक्षक सहित समस्त पुलिस परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग उनके लिए परिवार की तरह रहा है और वह सेवानिवृत्ति के बाद भी स्वयं को विभाग से जुड़ा हुआ महसूस करते रहेंगे।

विदाई समारोह में क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, क्षेत्राधिकारी उतरौला/लाइंस डॉ. जितेन्द्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस उपाधीक्षक अशोक सिंह, प्रतिसार निरीक्षक बिहारी सिंह यादव सहित समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रभारी निरीक्षकगण, कार्यालय के लिपिक वर्ग एवं बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने करतल ध्वनि के बीच सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक वीरसेन सिंह को शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी।

Previous Post Next Post