जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️
लखनऊ, 21 सितंबर 2026। कृष्णानगर थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अवैध प्रेम संबंधों के चलते पत्नी ने अपने पति की हत्या की साजिश रची थी, जिसके बाद उसके रिश्तेदार नीरज मौर्या ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर हत्या की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आलाकत्ल चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 13/14 सितंबर 2026 की रात रामबाबू मौर्य उम्र करीब 32 वर्ष की हत्या की गई थी। मामले में मृतक के भाई श्याम बाबू मौर्य की तहरीर पर मु0अ0सं0 389/2026, धारा 103(1) बीएनएस, थाना कृष्णानगर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
180 से 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी द्वारा चार टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने करीब 180 से 200 सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से मामले की जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस ने नीरज मौर्या और पुष्पा मौर्य को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आई साजिश
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका विवाह रामबाबू मौर्य से करीब 12 वर्ष पहले हुआ था। पुलिस का दावा है कि कुछ समय से उसके रिश्तेदार नीरज मौर्या से प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी रामबाबू को होने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा और नीरज का घर आना-जाना बंद हो गया।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों ने रामबाबू की हत्या की कथित तौर पर योजना बनाई। जांच के मुताबिक, योजना के तहत पहले रामबाबू की मोटरसाइकिल गायब कराई गई और बाद में नीरज की मदद से उसकी बरामदगी कराकर रामबाबू का विश्वास दोबारा हासिल किया गया।
इसके बाद कथित योजना के तहत पुष्पा घर से बाहर चली गई और नीरज ने रामबाबू को पार्टी करने के बहाने कृष्णानगर बुलाया। पुलिस के अनुसार, शराब पिलाने के बाद घरेलू चाकू से रामबाबू के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद नीरज मौके से फरार हो गया और मृतक के भाई को कथित तौर पर गलत सूचना दी गई। वहीं, पुलिस से संदेह छिपाने के लिए पुष्पा भी मृतक के परिजनों के आसपास मौजूद रही।
गिरफ्तार आरोपी
- नीरज मौर्या पुत्र रामअवतार मौर्या, निवासी ग्राम पैगूपुर नया पुरवा, थाना बिठूर, जनपद कानपुर नगर, उम्र करीब 30 वर्ष।
- पुष्पा मौर्य पत्नी रामबाबू मौर्य, निवासी हरदोई रोड, ग्राम गोला कुआं, थाना काकोरी, जनपद लखनऊ, उम्र करीब 30 वर्ष।
नीरज मौर्या का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार नीरज मौर्या के विरुद्ध पूर्व में मु0अ0सं0 61/2018, धारा 302/201 भादवि, थाना बिठूर पश्चिमी, जनपद कानपुर नगर में मामला दर्ज है।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 अदद चाकू (आलाकत्ल) बरामद किया है।
संबंधित मुकदमा
मु0अ0सं0 389/2026, धारा 103(1)/61(2) बीएनएस, थाना कृष्णानगर, लखनऊ।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम: थाना कृष्णानगर पुलिस टीम, कमिश्नरेट लखनऊ।
