बेकाबू टैंकर ने गाड़ियों को रौंदा, संतकबीरनगर के मां-बेटे की दर्दनाक मौत

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। तुलसीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे नगर कोतवाली क्षेत्र के चुंगी नाका स्थित बालाजी गैस गोदाम के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। टैंकर, मारुति डिजायर कार और बोलेरो के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में कार सवार मां-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मृतकों की पहचान संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के ग्राम लोहिखार निवासी 45 वर्षीय श्याम नारायण और उनकी 60 वर्षीय मां कैलाशी देवी के रूप में हुई है। वहीं श्याम नारायण की पत्नी 45 वर्षीय वंदना चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।


परिजनों के मुताबिक श्याम नारायण किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और परिवार उन्हें डायलिसिस कराने के लिए लखनऊ लेकर जा रहा था। इसी दौरान तुलसीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शी एवं पीछे चल रही बोलेरो के चालक के अनुसार, वह दूल्हापुर से चार सवारियों को लेकर लखनऊ जा रहा था। तुलसीपुर की ओर से आगे चल रही डिजायर कार अचानक अपनी लेन छोड़कर सामने से आ रहे टैंकर की दिशा में मुड़ गई। इसके बाद टैंकर और डिजायर कार में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बेकाबू हुआ टैंकर घसीटते हुए पीछे चल रही बोलेरो से भी जा भिड़ा।

हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार टैंकर चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Previous Post Next Post