ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश के क्रम में जनपद में अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान “पीस” चलाया जा रहा है। 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 तक संचालित अभियान के तीसरे एवं अंतिम दिन बुधवार को परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने जनपद के विभिन्न मार्गों एवं प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण उत्पन्न करने वाले 18 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 2 लाख 5 हजार रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही साइलेंसर एवं अन्य उपकरणों का प्रयोग करें। अनावश्यक रूप से अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले उपकरणों का प्रयोग न किया जाए।
विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण का असर केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आमजन के स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसलिए वाहन चालकों को नियमों का पालन करते हुए ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने में सहयोग करना चाहिए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), बलरामपुर एवं प्रवर्तन टीम मौजूद रही।
